|
हिंदी वेबसाइट में आपका स्वागत है!
साक्षात्कार की तैयारी कैसे करें! (How to be prepared for interview)
प्रायः देखा गया है कि अनुभवी व्यक्ति भी अक्सर साक्षात्कार (interview) के नाम से नर्वस हो जाते हैं, फिर पहली बार साक्षात्कार (interview) का सामना करने वाले का घबरा जाना तो स्वाभाविक ही है। किन्तु यदि हम पहले से ही तैयार रहें तो किसी भी साक्षात्कार (interview) का सामना सफलता पूर्वक कर सकते हैं।
साक्षात्कार (interview) क्या होता है?
किसी प्रत्याशी की योग्यताओं का आकलन करने के लिये अन्य व्यक्ति या व्यक्तियों के द्वारा उससे बातचीत करने को साक्षात्कार (interview) कहा जा सकता है। यह बातचीत प्रायः प्रश्नोत्तर के रूप में होता है। साक्षात्कार में प्रत्याशी की योग्यताओं तथा बुद्धिमत्ता को परखने के लिये प्रायः वर्तमान हलचलें व खबरें, सामान्य ज्ञान, प्रदान किये जाने वाले जाब आदि के सम्बन्ध में प्रश्न पूछे जाते हैं।
साक्षात्कार के लिये क्या तैयारी करें? (How to be prepared for interview?)
- संस्था के विषय में जानें: जिस संस्था में आप साक्षात्कार देने जा रहे हैं उसके विषय में अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करने का प्रयास करें। उनके वेबसाइट, समाचार पत्र आदि से संस्था का उद्देश्य, क्रिया-कलाप आदि के विषय में ज्ञान प्राप्त करने की कोशिश करें।
- 'जाब' (job) के विषय में जानें: जिस जाब के लिये आपने आवेदन किया है उसके विषय में अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करें।
- महत्वपूर्ण समाचारों पर ध्यान रखें: वर्तमान हलचलों तथा महत्वपूर्ण समाचारों से स्वयं को अवगत कराते रहें। न्यूज चैनल देखें तथा समाचार पत्र पढ़े।
- सामान्य ज्ञान बढ़ायें: विशेष करके अपने नगर, प्रदेश और देश के विषय में सामान्य ज्ञान बढ़ाने का प्रयास करें।
विशेष ध्यान देने वाली बातें
- मन से जो घबराहट और अनजान भय है उसे निकालने का प्रयास करें। स्वयं में आत्म-शक्ति (will power) उत्पन्न करें।
- साक्षात्कार के लिये सादे तथा साफ-सुथरे वस्त्रों में जायें।
- प्रश्नों का उत्तर संयत होकर दें।
- संक्षिप्त में सारगर्भित उत्तर दें, उत्तरों को अनावश्यक रूप से लंबा करने से बचें।
- अपने उत्तरों में अपनी योग्यताओं तथा बुद्धिमत्ता को झलकाने का प्रयास करें।
|
|